बुरहानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के जिला चिकित्सालय में गुरुवार को डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन कर 23 वर्षीय महिला के पेट से करीब 7 किलो वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन लगभग दो घंटे तक चला। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

जानकारी के अनुसार सिंधखेड़ा निवासी सरस्वती बाई लंबे समय से पेट में सूजन और दर्द की समस्या से परेशान थीं। जांच के बाद पता चला कि उनके पेट में बड़ी गांठ है, जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन
इस जटिल सर्जरी को शल्य चिकित्सक डॉ. दर्पण टोके और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेहाना बोहरा की टीम ने सावधानीपूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन के दौरान नर्सिंग ऑफिसर पल्लवी साहु और दुर्गा के साथ ओटी टेक्नीशियन हिमांशु बावरे और अभय सिंह भी टीम में शामिल रहे। डॉक्टरों के अनुसार मरीज के पेट से इतनी बड़ी गांठ निकालना चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया थी, लेकिन पूरी टीम के समन्वय और सावधानी से ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
आधुनिक सुविधाओं से मिली सफलता
डॉक्टरों ने बताया कि जिला अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और अनुभवी टीम के कारण यह जटिल ऑपरेशन संभव हो पाया। सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके के अनुसार जिला अस्पताल में पहले भी कई जटिल सर्जरी की जा चुकी हैं, लेकिन यह मामला अपनी जटिलता के कारण खास रहा।
मरीज की हालत स्थिर
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ऑपरेशन के बाद सरस्वती बाई को गहन निगरानी में रखा गया है। उनकी स्थिति फिलहाल संतोषजनक है और डॉक्टर लगातार स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल में उनके उपचार और देखभाल की पूरी व्यवस्था की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
