बागपत, 08 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत रविवार को बागपत पहुंचे। उन्हाेंने छपरौली स्थित गॉडविन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के रजत जयंती वर्ष में आयोजित “नवोन्मेष” समारोह काे मुख्य अतिथि के रूप में संबाेधित किया।


उन्होंने शिक्षा के रूप में विकसित हो रहे गॉडविन ग्रुप के रजत जयंती वर्ष पर बोलते हुए कहा कि जीवन में विद्या ऐसा धन है जो व्यक्ति को निरंतर आगे बढ़ने का आधार प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव न करते हुए सभी को शिक्षा से अवश्य जोड़ें, क्योंकि घर में एक शिक्षित सदस्य पूरे परिवार के भविष्य को सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने बच्चों पर नियमित निगरानी रखने, संस्कारवान एवं चरित्रवान पीढ़ी के निर्माण, तथा युवाओं में नशे और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने किसानों को गुरुकुल कुरुक्षेत्र में संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने का आमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती से संबंधित उनके कार्यों पर आधारित वीडियो का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित किसानों ने देखा। कार्यक्रम में प्रशासन से जिलाधिकारी अस्मिता लाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) विनीत उपाध्याय, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, तहसीलदार श्वेताभ सिंह, सीओ बड़ौत विजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी
