प्रयागराज, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाने की पुलिस टीम ने सोमवार को युवक की हत्या मामले में ससुर और दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में सोरांव थाना क्षेत्र के सेवईत गांव निवासी गुड्डू लाल चौधरी पुत्र होरी लाल और इसका दामाद बिहार के गोपालगंज के बलहा बरौली गांव निवासी राजू कुमार पुत्र बच्चा प्रसाद है। हालांकि राजू कुमार वर्तमान में सेवइत में रहता था। दोनों के खिलाफ सोरांव थाने में धारा-105 भा.न्या.सं. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

उल्लेखनीय है कि 7 जनवरी को थाना सोरांव के ग्राम सेवईत में उपरोक्त अभियुक्तों द्वारा पारिवारिक विवाद में पैसे को लेकर अनिल कुमार (मृतक) के साथ मार-पीट की गई थी, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी थी। प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सोरांव पर मु.अ.सं.-46/2026 उपरोक्त पंजीकृत किया गया था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
