मुरादाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के महमूदपुर माफी निवासी इसरार और उनके पुत्र कौसर की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनाें ने बताया कि मृतक इसरार अपने बेटे कौसर को बाइक से सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा दिलाने बदायूं जा रहे थे। बिसौली क्षेत्र में अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी।

थाना मैनाठेर क्षेत्र के महमूदपुर माफी निवासी पिता-पुत्र की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महमूदपुर माफी निवासी इसरार शनिवार सुबह अपने पुत्र कौसर को दरोगा भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जिला बदायूं ले जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बिसौली के पास पहुंची तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए जहां दोनों की मौत हो गई।
बताया जाता है कि कौसर काफी समय से दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था और परीक्षा देने के लिए पिता के साथ घर से निकला था। मृतक के परिवार में मां अफसरी, एक बहन और छोटा भाई शाहरुख है, जो दिल्ली में कारपेंटर का काम करता है। घटना के बाद घर में रो-रोकर सबका बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
