रामगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। कलयुग में मां-बाप की इज्जत को संतान ही तार-तार कर रहे हैं। रामगढ़ शहर के पतरातू बस्ती में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला भी चंद पैसों के लिए ही किया गया है। बेटे की प्रताड़ना से त्रस्त होकर महिला

चाईना देवी (५०) रविवार को रामगढ़ थाने पहुंची। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पतरातू बस्ती के मंडा टोली में रहती है। उसका छोटा बेटा छोटू कुमार चंद खर्चे के पैसे के लिए उसे प्रताड़ित करता रहता है।
चाईना देवी ने कहा कि रविवार को छोटू ने खर्चे के लिए पैसे मांगे। जब पैसे नहीं होने की बात कही गई, तो उसने लकड़ी काटने वाले दाव से उसपर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उसका बायां हाथ चोटिल हो गया। उसने पुलिस को बताया कि छोटू कुमार चंद अक्सर घर में गाली-गलौज करता है। अपने पिता के साथ भी वह कई बार मारपीट कर चुका है। उसे सुधारने का अंतिम प्रयास भी वह कर चुकी है। लेकिन उनके लिए वह सबसे बड़ा खतरा बन गया है। वह कभी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। रामगढ़ पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
