हमीरपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के कीरतपुर गांव निवासी एक युवक शुक्रवार को बेतवा नदी में नहाते समय गहरे गड्ढे में चले जाने से डूब गया। जानकारी होने पर नदी में मछली का शिकार कर रहे मछुआरों व ग्रामीणों ने युवक की तलाश की। काफी देर खोजबीन करने के पर युवक को पानी से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कीरतपुर गांव निवासी भीखम (40) पुत्र मइका शुक्रवार को बेतवा नदी में नहाने गया था। वहां बेतवा नदी में मौरंग निकाले जाने से बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। जहां भीखम नदी के गहरे गड्ढे में चला गया, जहां वह डूब गया। वहां नदी में मछली का शिकार मछुआरों ने उसे डूबते देखा तो उसकी तलाश में जुट गए। सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी युवक की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद युवक को पानी से बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अविवाहित था और मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
