बेतिया, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया पुलिस जिला अंतर्गत सिकटा थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक बगीचे में नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका के शव एक ही फंदे से लटके हुए मिले। दोनों आम के पेड़ से लाल रंग के पॉलिस्टर के एक ही दुपट्टे में झूलते पाए गए।

मृतकाें की पहचान सिरिसिया गांव के इजहार अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा (16) व शेख बुनाद का पुत्र शेख सैदुल्लाह (17) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद एफएसएल टीम के वरीय वैज्ञानिक सुमन कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल की जांच की गई। जांच के बाद दोनों शवों को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच सह अस्पताल, बेतिया भेज दिया गया।
मामले की जांच एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार और थानाध्यक्ष नीतिश कुमार मौर्य ने भी की। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की गई है। परिजनों के अनुसार दोनों रात में खाना खाने के बाद सो गए थे, लेकिन सुबह सेहरी के समय जब उन्हें देखा गया तो वे घर में नहीं थे। बाद में ग्रामीणों से सूचना मिली कि दोनों के शव बगीचे में पेड़ से लटके हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों के शव फंदे से लटके हुए थे और उनके पैरों में तोरी और मसूरी फसल के पत्ते व फूल लगे थे। देखने में उनके शरीर पर किसी प्रकार के जख्म का निशान नहीं था। प्रारंभिक जांच में एफएसएल टीम भी इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ सूत्रों के अनुसार मामला ऑनर किलिंग से भी जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और कई बार पकड़े भी जा चुके थे, लेकिन जातीय अंतर उनके संबंध में बाधा बन रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
——————–
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक
