मतदाता सूची तैयार करने हेतु अधिकारियों की नियुक्ति

बेमेतरा 16 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार कराने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया है।
मंगलवार काे जारी आदेश के अनुसार जिले में 01 जनपद सदस्य, 02 सरपंच तथा 16 पंच पदों के लिए उप निर्वाचन प्रस्तावित है। इसके लिए 01 अप्रैल 2026 की प्रति निर्देश तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार एवं पुनरीक्षित की जाएगी। यह संपूर्ण प्रक्रिया छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के प्रावधानों के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित की जाएगी। आदेश में जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला, साजा और नवागढ़ के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को पंजीयन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदारों को सहायक पंजीयन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
इसके अतिरिक्त अपर कलेक्टर गुड्डूलाल जगत को अपीलीय प्राधिकारी नियुक्त किया गया है, जो मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों एवं अपीलों के निराकरण की जिम्मेदारी निभाएंगे। जिला प्रशासन के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची तैयार करने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पंचायत उप निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल
