कोलकाता, 23 फरवरी (हि. स.)। पूर्व बर्धमान जिले के निवासी संदीप टुडू को ट्रेन में बैग बदल जाने की घटना के बाद जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम 22 फरवरी को 37258 डाउन बंडेल–हावड़ा लोकल ट्रेन में यात्रा के दौरान अनजाने में उनका बैग दूसरे यात्री के बैग से बदल गया।

बताया गया कि संदीप टुडू बेलूर रेलवे स्टेशन पर उतर गए और इसी दौरान उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया। बैग में एक सैमसंग टैबलेट, चार पेन ड्राइव, चार्जर, पहचान पत्र तथा अन्य निजी सामान मौजूद था। घटना की जानकारी मिलने के बाद निर्देशानुसार बेलूर जीआरपी थाना की प्लेटफॉर्म ड्यूटी टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
बेलूर जीआरपी थाना के उपनिरीक्षक निताय चंद्र मल्लराज के नेतृत्व में कॉन्स्टेबल सृष्टि धारी ने सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उक्त बैग को सभी सामान के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं, वह दूसरा बैग जिसमें कपड़े थे और जिसे संदीप टुडू अनजाने में ट्रेन के लगेज रैक से उठा लाए थे, उसे भी उसके वास्तविक मालिक को लौटा दिया गया।
थाने में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद बैग तथा उसमें मौजूद सभी सामान औपचारिक रूप से संदीप टुडू को सौंप दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
