कोलकाता, 27 फरवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर गुटबाजी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला बैरकपुर संगठनात्मक जिले का है, जहां पार्टी कार्यालय के भीतर ही पूर्व जिलाध्यक्ष और बैरकपुर समेत चार जिलों के संयोजक संदीप बनर्जी की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैरकपुर संगठनात्मक जिले में लंबे समय से आर्थिक कोष के उपयोग को लेकर मतभेद चल रहे थे। आरोप है कि इसी विवाद ने पहले तीखी बहस का रूप लिया और बाद में मारपीट की नौबत आ गई। वायरल वीडियो में कथित तौर पर संदीप बनर्जी पार्टी कार्यालय के भीतर अचेत अवस्था में दिख रहे हैं, जिसके बाद कुछ कार्यकर्ता उनके साथ हाथापाई करते नजर आते हैं।

घटना के बाद पार्टी कार्यालय में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में आंतरिक स्तर पर बातचीत कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। हालांकि वीडियो के सार्वजनिक होते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आरोप है कि अर्जुन सिंह के समर्थकों ने मारपीट की है।
स्थानीय स्तर पर भाजपा के किसी नेता ने आधिकारिक रूप से प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है। वहीं, जिला भाजपा सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच बैरकपुर से सांसद अर्जुन ने शुक्रवार सुबह कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इस बारे में कार्यकर्ताओं से बात करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
