हरिद्वार, 12 मार्च (हि.स.)। वन विभाग की रुड़की रेंज स्थित ग्राम भारापुर भौंरी के पास 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरे गुलदार काे वन विभाग की टीम ने

रेस्क्यू किया है। ट्रेंकुलाइज कर गड्ढे से निकाले गए गुलदार काे पिंजरे में रखकर उसे चिडि़यापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।
ग्रामीणाें ने बुधवार की शाम काे ग्राम भारापुर भौंरी के पास 15 फीट गहरे गड्ढे में एक गुलदार काे फंसा देखा। रात करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ के निर्देश पर रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में वन कर्मियों ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था की ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। गुलदार को सुरक्षित निकालने के लिए देहरादून से पशु चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया। डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया। इसके बाद वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर सावधानी के साथ गुलदार को गड्ढे से बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। करीब दो घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुलदार पिंजरे में रखकर उसे चिडि़यापुर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।
एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में वन कर्मियों के साथ पशु चिकित्सकों की टीम भी शामिल रही और सभी के सहयोग से गुलदार को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल उसे ऑब्जर्वेशन में चिडि़याघर रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल या आसपास के इलाकों में किसी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और खुद से किसी तरह जोखिम न उठाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
