पूर्वी सिंहभूम, 02 फ़रवरी (हि.स.)। ब्रह्माकुमारी संस्थान के यूनिवर्सल पीस पैलेस रीट्रीट सेंटर में सोमवार को आठ दिवसीय प्रशिक्षण और कार्यशाला साइंस ऑफ राजयोग मेडिटेशन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुंबई से पहुंचे राजयोग प्रशिक्षक बीके राजीव गुप्ता के साथ राजयोगिनी बीके अंजू दीदी, बीके रागिनी दीदी, बीके संजू दीदी एवं बीके प्रीति की गरिमामयी उपस्थित थीं।

कार्यक्रम में मुख्य सेवाकेंद्र की वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अंजू ने बताया कि प्रशिक्षण विभिन्न चरणों में आयोजित किया गया है। 02 और 03 फरवरी 2026 को सेवा केंद्र में रहने वाले समर्पित ब्रह्माकुमारी बहनों और ब्रह्माकुमारों के लिए विशेष सत्र रखे गए हैं। 04 और 05 फरवरी को सेंटर से जुड़े सभी बीके भाई-बहनों के लिए प्रशिक्षण होगा, जबकि 06 से 08 फरवरी 2026 तक विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि हल्दीपोखर, बलरामपुर, बहरागोड़ा, गालूडीह, चांडिल, टाटीसिलवे, पतरातू, हजारीबाग, बरही सहित कोल्हान क्षेत्र के अनेक स्थानों से बीके के सदस्य सम्मिलित हो रहे हैं।
मुंबई से आए राजयोगी बीके राजीव गुप्ता ने कहा कि मन का मूल सिद्धांत जैसा हम सोचते हैं, वैसा ही अनुभव करना है। इसलिए सकारात्मक चिंतन और सकारात्मक जीवनशैली बेहद जरूरी है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न सेवाकेंद्रों से जुड़े लगभग 45 समर्पित ब्रह्माकुमारी बहनें और ब्रह्माकुमार सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
