

सारण, 08 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश प्रसारित करने के ध्येय से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर में एक शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान प्रस्तुत की गई 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए नगर निगम क्षेत्र की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा का शुभारंभ छपरा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक राजेश प्रसाद ने शिव बाबा की पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा यह आयोजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, नारी सशक्तिकरण और वैश्विक शांति का प्रतीक है। हमें समाज से कुरीतियों को मिटाने का संकल्प लेना चाहिए। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों से होकर गुजरी। झांकियों में शिवलिंग, भारत माता और लक्ष्मी-नारायण के स्वरूपों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।
ब्रह्माकुमारी अनामिका ने बताया कि यह आयोजन 90वीं शिव जयंती के उपलक्ष्य में परमात्मा शिव के अवतरण और आदि सनातन देवी-देवता धर्म की पुनर्स्थापना के संदेश के साथ निकाला गया है। ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों और स्वयंसेवकों ने इस दौरान लोगों को नशामुक्त समाज, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में स्थानीय संचालिका बीके अनामिका, सहायक स्टेशन मास्टर सतीश सिंह, बीके अरविंद सहित सैकड़ों की संख्या में संस्थान के भाई-बहन और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
