–जिलाधिकारी के प्रयास से बच्चे को मिला नया जीवनदान

हमीरपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में जिलाधिकारी घनश्याम मीना के अथक प्रयास से दो साल से ब्लड कैंसर से ग्रसित बच्चे और उसके माता पिता के चेहरे पर खुशी लौट आई है। गुरुवार को डीएम ने पीड़ित बच्चे के इलाज को लेकर मुख्यमंत्री राहत कोष सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर बच्चे को नया जीवन दान दिया है। गुरुवार को कैंसर पीड़ित बच्चा और उसके माता पिता ने डीएम से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया है।
मुस्करा विकासखंड बांधुर बुजुर्ग गांव निवासी अरविंद ने गुरुवार को बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके दो पुत्र हैं बड़ा बेटा अंकुर (12) का है और छोटा बेटा यश (10) का है। बताया कि बीते दो साल पहले फीवर के चलते यश को कानपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। यहां चिकित्सकों ने उसको ब्लड कैंसर बीमारी से ग्रसित बताया। जिसके बाद से वह इलाज को लेकर दर-दर भटक रहे थे। इसी दौरान उन्होंने इलाज को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी।
जिलाधिकारी ने ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्चे के मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय प्रशासन एवं यूनिसेफ़ को संयुक्त करते हुए बच्चे को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाया। परिवार के साथ निरंतर सम्पर्क रखते हुए उन्हें मनोबल प्रदान किया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से पत्राचार करते हुए 1,25 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की। बच्चे के पिता अरविंद ने बताया कि वर्तमान में यश का इलाज बनारस के होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। इस मौके पर बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबशन अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन, यूनिसेफ़ प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
