बरेली, 23 फरवरी (हि.स.) । सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम और माता सीता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से जिले में तनाव का माहौल बन गया। वीडियो में खुद को भीम आर्मी से जुड़ा बताने वाला आकाश सागर नाम का युवक आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही शहर से देहात तक आक्रोश फैल गया।

बताया जा रहा है कि वीडियो सबसे पहले एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर हुआ, जिसके बाद हजारों लोगों ने इसे देखा और कड़ी प्रतिक्रिया दी। विभिन्न हिंदू संगठनों ने इसे आस्था पर आघात बताते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कई लोगों ने पुलिस प्रशासन को टैग कर सख्त कार्रवाई की अपील की। बाजारों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दिन भर इस मुद्दे पर चर्चा होती रही। मामला बढ़ने पर आरोपित ने माफी मांगने की बात कही है, लेकिन संगठनों का कहना है कि केवल माफी से मामला समाप्त नहीं होगा।

इधर, दरोगा सतेंद्र कुमार की तहरीर पर हाफिजगंज थाने में सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
