गुमला, 19 अप्रैल (हि.स.)।

जिले के भरनो प्रखंड में एक बार फिर जंगली
हाथियों का उत्पात शुरू हो गया है। बीते शनिवार की रात प्रखंड के दुम्बो भगतटोली
गांव में जंगली हाथी ने जमकर तबाही मचाई। इस दौरान दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया
गया । वहीं भारी मात्रा में अनाज और फसलें भी
बर्बाद हो गईं।
जानकारी के अनुसार दुम्बो भगतटोली निवासी प्रदीप महतो के घर पर
शनिवार रात जंगली हाथी ने धावा बोल दिया। अचानक हाथी के हमले से अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने
देखते ही देखते कच्चे घर को ध्वस्त कर दिया। घर के अंदर रखे बक्सा ,अलमारी , कुर्सी-टेबल सहित अन्य सामान पूरी तरह
नष्ट हो गए। इतना ही नहीं,घर में रखी करीब तीन क्विंटल धान भी
हाथी ने खा लिया और बर्बाद कर दिया।
इसी क्रम में हाथी ने दुम्बो गांव के खक्सीटोली
निवासी बोलो उरांव के घर को भी निशाना बनाया। उनके घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया
तथा अंदर रखे लगभग दो क्विंटल धान को खाकर और बिखेरकर नष्ट कर दिया। हाथी का
उत्पात यहीं नहीं रुका। आसपास के कई किसानों के खेतों में घुसकर उसने लगी फसलों को
भी रौंद डाला,जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना
पड़ा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रामीण रातभर जागकर
किसी तरह अपनी जान बचाने में लगे रहे। घटना की सूचना मिलने पर रविवार को पंचायत के
मुखिया जयराम उरांव पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया
और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वन विभाग से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों
ने वन विभाग से जल्द मुआवजा देने के साथ-साथ हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग
की है। प्रभावित ग्रामीणों के जरिये वन विभाग से मुआवजा की मांग करते हुए मदद की
गुहार लगाई गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरि ॐ सुधांशु सुधांशु
