धर्मशाला, 15 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ रविवार को निकाली गई भव्य शोभायात्रा तथा पारंपरिक झंडा रस्म के साथ हुआ। इस अवसर पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सर्वप्रथम बैजनाथ शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।

विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मेले एवं त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति स्कृति के परिचायक होते हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को सहेजने का कार्य करते हैं बल्कि आपसी भाईचारे को भी सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव क्षेत्र की पहचान है और यह आयोजन स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों एवं व्यापारियों को मंच प्रदान करता है।

उन्होंने प्रदेश सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार संस्कृति संरक्षण, पर्यटन संवर्धन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार द्वारा मेलों और उत्सवों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों के परिणामस्वरूप विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो रहा है।
मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने कहा कि राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया तथा क्षेत्रवासियों से भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
महोत्सव के शुभारंभ में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिनमें स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा सांस्कृतिक दलों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
