मुंबई, 14 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के भांडुप और गोवंडी में दो अलग-जगहों पर शनिवार को सुबह अचानक लगी आग से अफरा तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। इन दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ है।

मुंबई नगर निगम के प्रवक्ता के अनुसार आज सुबह भांडुप स्टेशन रोड (पश्चिम) पर ड्रीम्स मॉल के पास अचानक कुछ दुकानों में आग लग गई थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। भांडुप पुलिस स्टेशन की टीम आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इसी तरह आज सुबह गोवंडी में न्यू गौतम नगर में कुबा मस्जिद के पास, चेंबूर जनता मार्केट में पीएल लोखंडे मार्ग पर प्लॉट नंबर 2 एक लकड़ी के गोदाम में आग लग गई । इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ है। गोवंडी पुलिस स्टेशन की टीम आगे की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
