सिलीगुड़ी, 20 मार्च (हि. स.)। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने जोरदार चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उन्होंने बागडोगरा के बिहार मोड़ से स्टेशन मोड़ तक दुकानों में जाकर लोगों से संपर्क किया और लिफलेट बांटकर वोट की अपील की।

इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने घर-घर और दुकान-दुकान पहुंचकर जनसंपर्क किया।
आनंदमय बर्मन ने दावा किया कि इस बार जनता खुद बदलाव चाहती है और उन्हें अच्छा समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 15 वर्षों में विकास की गति धीमी रही है, जबकि केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाएं दी है। उनका आरोप है कि लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाया।
भाजपा उम्मीदवार ने यह भी कहा कि इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला नहीं है, बल्कि सीधा मुकाबला भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जीत का अंतर और बढ़ेगा तथा ऐतिहासिक नक्सलबाड़ी एक नया रिकॉर्ड बनाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
