मालदा, 25 मार्च (हि. स.)। जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार अब दिलचस्प मोड़ लेता दिख रहा है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही उम्मीदवारों के बीच ‘अनोखे अंदाज’ में जनता से जुड़ने की होड़ शुरू हो गई है।

इसी कड़ी में भेजा उम्मीदवार रतन दास ने बुधवार को एक अलग ही मिसाल पेश की। भिंगल ग्राम पंचायत के बैराट गांव में प्रचार के दौरान उन्होंने सीधे राजमिस्त्रियों के साथ काम करना शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक काली मंदिर में पूजा करने के बाद प्रचार पर निकले रतन दास एक निर्माणाधीन घर के पास रुक गए। वहां उन्होंने मजदूरों के साथ घुलमिलकर मसाला तैयार करने से लेकर ईट लगाने तक का काम किया। अपने उम्मीदवार को इस तरह काम करते देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
अपने इस कदम को लेकर रतन दास ने कहा कि कोई भी काम छोटा नहीं होता है। मैंने कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया है और सेना में रहकर देश की सेवा की है। मेहनत करना हमारे खून में है। मजदूर भाइयों के साथ काम करके अच्छा अनुभव मिला।
हालांकि इस ‘मजदूर अवतार’ पर सियासत भी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मोतीबुर रहमान ने इसे ‘चुनावी नाटक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा उम्मीदवार मजदूर बनने का नाटक कर रहे है। असल में मजदूरों के साथ अगर कोई खड़ा है, तो वह ममता बनर्जी की सरकार है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस चुनावी मुकाबले में मजदूरों और आम लोगों का भरोसा कौन जीत पाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
