
पूर्वी सिंहभूम, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जमशेदपुर महानगर के छह मंडलों में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। सोनारी, मानगो, उलीडीह, सीतारामडेरा, बर्मामाइंस और घाघीडीह मंडल में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना था। दो दिनों तक चले इस शिविर में कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रशिक्षण सत्रों में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षण के दौरान भाजपा के इतिहास, बूथ प्रबंधन, ‘मन की बात’ कार्यक्रम, वैचारिक अधिष्ठापन, अंत्योदय से संतृप्ति, संगठनात्मक कार्य पद्धति, कार्य विस्तार, सोशल मीडिया के उपयोग के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप और सरल ऐप जैसे डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कार्यकर्ताओं को यह बताया गया कि किस प्रकार तकनीक और जनसंपर्क के समन्वय से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा का इतिहास त्याग, राष्ट्रवाद और समर्पण की परंपरा से जुड़ा हुआ है।
प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने बूथ प्रबंधन को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही पार्टी की जीत सुनिश्चित करता है।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक मूल्यों और अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, सुधांशु ओझा, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, अनिल सिंह, राजन सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, जटाशंकर पांडेय, डॉ. राजीव, नीरज सिंह, रीता मिश्रा, खेमलाल चौधरी सहित कई प्रशिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर सत्र लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता इस प्रशिक्षण में शामिल हुए।
इसी अभियान के तहत रविवार को टेल्को और सुंदरनगर मंडल में भी दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कल्याणी शरण, जिला मंत्री पप्पू सिंह, टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, सुंदरनगर मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
