हुगली, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले के चुचुड़ा के जोराघाट इलाके में भाजपा के दीवार लेखन को मिटाए जाने को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति पैदा हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि उनकी दीवार पर लिखे प्रचार संदेश को सीमेंट का घोल डालकर जानबूझकर मिटाने की कोशिश की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दीवार पर “अन्नपूर्णा भंडार तीन हजार रुपये” से जुड़ा संदेश और चित्र बनाए गए थे, जिन्हें कथित तौर पर मिटाने की कोशिश की गई। घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इलाके में विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा उम्मीदवार सुबीर नाग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजनीति में शिष्टाचार बनाए रखना जरूरी है, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता इस तरह की गतिविधि में शामिल नहीं होता और उनकी पार्टी कभी किसी अन्य पार्टी की दीवार नहीं मिटाती।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के चुचुड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 20 के पार्षद समीर सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनके कई फ्लेक्स भी फाड़े गए हैं, लेकिन उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया।
समीर सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि यह काम भाजपा के लोगों ने ही आपसी विवाद के कारण किया हो सकता है। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
