


खड़गपुर, 07 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शनिवार को खड़गपुर क्षेत्र से गुजरते हुए मेदिनीपुर की ओर बढ़ी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से पार्टी नेताओं ने राज्य में परिवर्तन का संदेश देने का प्रयास किया।

मिली जानकारी के अनुसार, परिवर्तन संकल्प यात्रा नारायणगढ़ के मकरामपुर से होते हुए खड़गपुर के बारबेटिया शिव मंदिर पहुंची, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने रथ का जोरदार स्वागत किया। रथ के पहुंचने पर बारबेटिया में भाजपा मंच से एक सभा आयोजित की गई, जिसमें राज्य में परिवर्तन के मुद्दे पर नेताओं ने अपने विचार रखे। सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता शामित दास भी मौजूद थे। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष शामित मंडल तथा खड़गपुर के विधायक हिरण चटर्जी भी उपस्थित रहे।
बारबेटिया में आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधते हुए विभिन्न मुद्दों को उठाया और आगामी चुनाव में बदलाव लाने का आह्वान किया। सभा के बाद परिवर्तन संकल्प यात्रा का रथ झपेटापुर इलाके से होते हुए खड़गपुर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ इंदा की ओर बढ़ने लगा।
इसी दौरान पुरातन बाजार स्थित हाथीगोला पुल के पास रथ रेलवे की लगी रेलिंग में फंस गया, जिससे कुछ समय के लिए यात्रा बाधित हो गई। बताया गया कि कार्यक्रम में देरी होने की आशंका के चलते भाजपा नेता शमिक भट्टाचार्य कार से आगे निकल गए, क्योंकि मेदिनीपुर में आयोजित बड़ी सभा में उन्हें समय पर पहुंचना था।
बाद में रथ को हटाकर दूसरे मार्ग से यात्रा को आगे बढ़ाया गया। हालांकि देरी के कारण इंदा में प्रस्तावित सभा को रद्द करना पड़ा।
क्ष्भमभाजपा नेताओं का कहना है कि ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के माध्यम से पार्टी राज्य के विभिन्न हिस्सों में संगठन को मजबूत करने और लोगों तक अपनी नीतियों व कार्यक्रमों को पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
