
झाड़ग्राम, 08 फरवरी (हि.स.)। जिले में भारतीय जनता पार्टी को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। गोपीबल्लवपुर-दो प्रखंड में रविवार शाम को भाजपा छोड़कर 50 परिवार तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस दलबदल को क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।

गोपीबल्लवपुर-दो ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस की एसटी सेल के तत्वावधान में तपसिया कन्याश्री मंच पर आयोजित बर्धित बैठक में यह राजनीतिक परिवर्तन सामने आया। कार्यक्रम में झाड़ग्राम जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष एवं नयाग्राम के विधायक दुलाल मुर्मू, ब्लॉक अध्यक्ष टिंकू पाल, जिला सह-अध्यक्ष स्वपन पात्र, ब्लॉक युवा तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम मल्लिक, ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस की सभानेत्री पुष्पा नायक सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान चोरचिता क्षेत्र के चंद्र मोहन मुंडा, डॉक्टर हेम्ब्रम, दुखराम सोरेन, आकुल बेरा एवं भवानी शंकर शीट के नेतृत्व में 50 परिवारों ने भाजपा से नाता तोड़ते हुए तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष दुलाल मुर्मू और पार्टी के अन्य नेताओं ने नवागंतुक सदस्यों के हाथों में पार्टी का झंडा सौंपकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक दुलाल मुर्मू ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस आम जनता के हितों की राजनीति करती है और विकास को प्राथमिकता देती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं से प्रभावित होकर लोग लगातार तृणमूल कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
