जम्मू, 03 फ़रवरी (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी जम्मू दक्षिण जिला महिला मोर्चा ने आज त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में एक परिचयात्मक-सह-मासिक बैठक और अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना तथा जिला स्तर पर समन्वय बढ़ाना था। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष अधिवक्ता नेहा महाजन ने की।

कार्यक्रम में भाजपा जम्मू दक्षिण के जिला अध्यक्ष नरेश सिंह जसरोतिया और भाजपा महिला मोर्चा जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश की महासचिव और संसदीय क्षेत्र प्रभारी इंजीनियर उर्वशी गुप्ता उपस्थित थीं। बैठक का आयोजन जम्मू दक्षिण जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष मीतू शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त जिला प्रभारी श्रीमती सोनिया ठाकुर और सह-प्रभारी गुरमीत कौर को वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा उनकी जिम्मेदारियों और संगठनात्मक प्रतिबद्धता को मान्यता देते हुए औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया। सभा को संबोधित करते हुए अधिवक्ता नेहा महाजन ने बूथ स्तर पर लामबंदी और संगठनात्मक विस्तार में महिला मोर्चा की निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सदस्यों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और मातृशक्ति के साथ पार्टी के जुड़ाव को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
