

जौनपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर शनिवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं वंदे मातरम गीत के साथ हुई।

जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने सभी जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों का आपस में परिचय कराया। उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करने का अवसर है। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया की भूमिका और आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि सरकार ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। साथ ही जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने कहा कि परिचय बैठक का उद्देश्य एक मजबूत और समन्वित टीम के रूप में कार्य करने का संकल्प लेना है। अनुशासन, समर्पण और आपसी तालमेल से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा। एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसु’ ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जो राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
