कोलकाता, 30 जनवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में कथित अवैध घुसपैठ के मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए शुक्रवार को एक डॉक्यूमेंट्री जारी की। ‘द साइलेंट इनवेज़न’ नामक इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से पार्टी ने बढ़ती अवैध घुसपैठ को राज्य और देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देकर एक समर्पित वोट-बैंक तैयार कर रही है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि वर्ष 1980 से ही भाजपा यह चेतावनी देती आ रही है कि अवैध घुसपैठ बिना पारंपरिक युद्ध के भारत को कमजोर करने की साजिश है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल भाजपा ने यह डॉक्यूमेंट्री लॉन्च की है।
भाजपा के अनुसार, फिल्म में तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर दिखाया गया है कि किस प्रकार बड़े पैमाने पर अवैध घुसपैठ और फर्जी पहचान पत्रों का नेटवर्क पश्चिम बंगाल के सामाजिक-आर्थिक ढांचे को प्रभावित कर रहा है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुका है।
डॉक्यूमेंट्री का पहला एपिसोड ‘टिकिंग टाइम बॉम्ब’ शीर्षक से जारी किया गया है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों में अल-कायदा और जेएमबी जैसे संगठनों से जुड़े तत्वों की गिरफ्तारी का उल्लेख किया गया है। साथ ही असम में हाल में चलाए गए ऑपरेशन प्रघात (2024-25) का भी जिक्र है।
प्रेस विज्ञप्ति में 2025 में गुवाहाटी हाईकोर्ट की एक टिप्पणी का हवाला दिया गया है, जिसमें अवैध घुसपैठ को “खामोश और कपटपूर्ण जनसांख्यिकीय आक्रमण” बताते हुए इसे बाहरी आक्रामकता के समान करार दिया गया था।
भाजपा का दावा है कि डॉक्यूमेंट्री में सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में हेरफेर की कथित साजिशों को भी उजागर किया गया है। इसमें फर्जी भारतीय पहचान पत्र हासिल करने के लिए कथित रेट-कार्ड, स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) के दौरान सबूत नष्ट करने के आरोप तथा बांग्लादेश से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए बड़े पैमाने पर आवाजाही जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।
भाजपा के अनुसार, यह समय इतिहास से सबक लेने और राज्य व देश की सुरक्षा, पहचान और संप्रभुता की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
