रांची, 07 फरवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज है। इन सबके बीच शनिवार को भाजपा का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन आयोग पहुंचा और राज्य सभा सांसद महुआ माजी और उनके पुत्र सोमवित माजी के ख़िलाफ शिकायत दर्ज करायी है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि वार्ड 18 से पार्षद का चुनाव लड़ रहे राज्य सभा सांसद महुआ माजी के पुत्र सोमवित माजी खुलेआम झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का चुनाव चिन्ह तीर धनुष युक्त बैनर के सामने मीडिया को बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब चुनाव दलीय स्तर पर नहीं हो रहा है तो सोमवित माजी किस अधिकार से जेएमएम का चुनाव चिन्ह का प्रयोग कर रहे हैं। महुआ माजी ने अपने पद का दुरुपयोग कर वार्ड अठारह में दो बूथों को बढ़ावा दिया है। वार्ड अठारह के क्षेत्र में जो मतदाता नहीं निवास करते हैं, उनका भी मतदान अब अठारह में होगा। इसके अलावा जितने भी स्थायी बेंच में महुआ माजी का नाम लिखा हुआ था, उस सब के नीचे निवेदक सोमवित माजी लिखा जा रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद को लिखित शिकायत देते हुए तत्काल महुआ माजी और सोमवित माजी पर प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया। साथ ही महुआ माजी पर अपने पद का दुरुपयोग के साथ सरकारी तंत्र का दुरुपयोग का भी मामला दर्ज करने का अनुरोध किया।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल में बिनय जायसवाल और सुबोध कांत भी शामिल थे। इधर, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को जांचोपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि रांची सहित राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में आगामी 23 फरवरी को मतदान होने हैं। इसको लेकर शनिवार को इस चुनाव में खड़े प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
