आसनसोल, 17 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक लक्ष्मण घुरुई ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी कथित निर्वस्त्र तस्वीरें कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक के माध्यम से तैयार कर बसों के बाहर चिपकाई गई हैं, ताकि मतदाताओं के बीच उनकी छवि खराब की जा सके।

घुरुई ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने चुनाव हारने के डर से उन्हें बदनाम करने के लिए यह हरकत की है। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों ने जानकारी दी कि दुर्गापुर पश्चिम क्षेत्र में चलने वाली 8-बी मार्ग की मिनी बसों समेत कई बसों पर ये तस्वीरें लगाई गई हैं।
भाजपा प्रत्याशी ने बताया कि मामले की सूचना दुर्गापुर के उप मंडलाधिकारी तथा पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी को दे दी गई है। साथ ही निर्वाचन आयोग से भी हस्तक्षेप की मांग की गई है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के जिला प्रवक्ता वी. शिवदासन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का इस घटना से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह दुर्गापुर पश्चिम में भाजपा के भीतर गुटबाजी का परिणाम हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि दुर्गापुर पश्चिम सीट से तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष एवं दुर्गापुर वाणिज्य मंडल के अध्यक्ष कवि दत्ता को उम्मीदवार बनाया है।
सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन ने बसों से कथित तस्वीरें हटाने का निर्देश दे दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
