
गोरखपुर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा गोरखपुर क्षेत्र की ओर से आगामी 18 फरवरी, बुधवार को योगिराज गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पंकज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, वित्तीय वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट को लेकर युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान बजट 2026–27 पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका अवलोकन प्रदेश अध्यक्ष करेंगे। संवाद कार्यक्रम में गोरखपुर क्षेत्र के सभी जिलों से युवाओं को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को पार्टी कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए हितकारी है। यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व की मंशा के अनुरूप बजट की विशेषताओं से युवा, महिला, किसान एवं समाज के सभी वर्गों को अवगत कराना उद्देश्य है। इसी क्रम में 18 फरवरी को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषार्थ सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं बजट अभियान के क्षेत्रीय संयोजक राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, क्षेत्रीय मंत्री अंबिकेश धर द्विवेदी, निरंकार त्रिपाठी, गोविंद वर्मा, डॉ. पी.एन. राय, सचिन चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है और इसे युवाओं को बजट की जानकारी देने तथा उनके सुझाव जानने का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
