प्रदेश कमेटी को आएगी जिले से सिफारिश ताे हाेगी ज्वाइनिंग

चंडीगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा में बागी नेताओं तथा दूसरे दल छोडक़र आने वाले नेताओं की भाजपा में सीधे एंट्री नहीं होगी। पार्टी ने नए नेताओं की ज्वाइनिंग के लिए प्रदेश व जिला स्तर पर ज्वाइनिंग कमेटियों का गठन किया है। भाजपा में शामिल होने के इच्छुक नेताओं को लेकर पहले जिला स्तर की कमेटी स्क्रीनिंग करेगी।

जिला कमेटी प्रदेश समिति के पास अपनी रिपोर्ट भेजेगी। दोनों कमेटियों की सिफारिश व रिपोर्ट के बाद ही दूसरे दलों के नेताओं की भाजपा में एंट्री संभव हो पाएगी।
उल्लेखनीय है कि 2024 के लोकसभा चुनावों के नतीजों और अक्तूबर-2024 में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा के कभी कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोडक़र दूसरे दलों में चले गए थे। सबसे अधिक नेता कांग्रेस में गए थे। उनमें से अधिकांश नेता अब फिर से भाजपा में आना चाहते हैं।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की स्वीकृति के बाद प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने बुधवार काे प्रदेश व जिला ज्वाइनिंग कमेटियों की लिस्ट जारी की है। पूर्व सांसद तथा भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ.सुधा यादव के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व शिक्षा व कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर तथा पूर्व शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा को प्रदेश कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया है। दूसरे दलों के नेताओं और भाजपा छोडक़र गए नेताओं की घर वापसी में इस कमेटी का अहम रोल रहेगा। सभी जिलों में ज्वाइनिंग कमेटियों का गठन किया है। जिला स्तर पर गठित कमेटयों का चेयरमैन जिला प्रभारी को बनाया है। वहीं पूर्व व मौजूदा जिलाध्यक्ष इन कमेटियों में बतौर सदस्य शामिल हैं। स्थानीय नेताओं के कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग ये कमेटियों स्क्रीनिंग के बाद अपने स्तर पर भी करवा सकेंगी। बड़े नेताओं के मामले प्रदेश कमेटी के पास जाएंगे। प्रदेश कमेटी की सिफारिश के बाद ही मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष नेताओं की भाजपा में जॉइनिंग करवाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
