मंडी, 02 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय उच्च पाठशाला बिजन-ढलवान, के छात्रों ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित भारतीय ज्ञान परंपरा ऑनलाइन ओलंपियाड में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश भर में विद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय द्वारा डाक के माध्यम से भेजी गई पुरस्कार सामग्री का वितरण विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की मुख्याध्यापिका मोनिका ठाकुर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति एसएमसी की अध्यक्ष सावित्री विशेष रूप से उपस्थित रही। ओलंपियाड के परिणामों में दसवीं कक्षा के छात्र गौरव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, नौवीं कक्षा की छात्रा वंशिका ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त, विद्यालय स्तर पर भी नौ अन्य मेधावी छात्रों ने अपनी मेधा का परिचय दिया, जिनमें से तीन छात्रों तक्ष , लक्षिता, मनोज को स्वर्ण पदक, तीन छात्रों मुस्कान, हिमांशु, दिवांशु को रजत पदक और तीन छात्रों गुंजन, वंशिका, अनुभव को कांस्य पदक के साथ-साथ टिप्पणी पुस्तिका और बाल पेन पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान मुख्याध्यापिका ने इस सफलता का मुख्य श्रेय विद्यालय के संस्कृत शिक्षक डॉ. मनोज कुमार शैल को दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. शैल के निरंतर मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और छात्रों को भारतीय संस्कृति व ज्ञान परंपरा से जोड़ने के व्यक्तिगत प्रयासों के कारण ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर प्रदेश में स्थान बना पाए हैं।
मुख्याध्यापिका मोनिका ठाकुर ने कहा कि आज हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। भारतीय ज्ञान परंपरा ओलंपियाड में हमारे छात्रों की यह जीत प्रमाणित करती है कि यदि सही मार्गदर्शन मिले, तो सरकारी पाठशालाओं के बच्चे किसी भी स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं। मैं विजेता छात्र गौरव, वंशिका और अन्य सभी नौ छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। विशेष रूप से हमारे संस्कृत शिक्षक डॉ. मनोज कुमार शैल के समर्पण की सराहना करती हूं, जिन्होंने डिजिटल माध्यम से बच्चों को अपनी जड़ों और प्राचीन भारतीय ज्ञान से जोड़कर इस मुकाम तक पहुंचाया। विद्यालय प्रबंधन समिति और समस्त स्टाफ इन बच्चों की उपलब्धि पर गौरवान्वित है। इस अवसर पर सभी बच्चों के अभिभावक तथा विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
