काठमांडू, 10 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह ने मंगलवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा टेलीफोन पर बधाई देने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के हाल ही में सम्पन्न प्रतिनिधि सभा चुनावों में शानदार सफलता के लिए आरएसपी के अध्यक्ष लामिछाने और बालेन्द्र शाह को टेलीफोन कर जीत की बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामना दी थी।
लामिछाने ने कहा कि मोदी के साथ बातचीत में नेपाल–भारत सहयोग के चार प्राथमिक क्षेत्र शामिल थे। मोदी के बधाई संदेश का जवाब देते हुए, उन्होंने पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई कि परस्पर सम्मान और साझा समृद्धि पर आधारित द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
लामिछाने ने कहा कि आरएसपी के नेतृत्व वाली सरकार “विकास कूटनीति” को प्राथमिकता देगी और भारत के साथ चार प्रमुख क्षेत्रों—कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक पर्यटन, ऊर्जा और व्यापार—में सहयोग बढ़ाएगी। उनका कहना है कि इन क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी दोनों देशों की जनता के लिए समृद्ध भविष्य में योगदान करेगी।
इसी तरह बालेन्द्र शाह ने मंगलवार शाम को सोशल मीडिया पर संदेश पोस्ट कर मोदी के बधाई संदेश के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि “आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,” शाह ने लिखा और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में नेपाल और भारत अपने ऐतिहासिक, घनिष्ठ और बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने के लिए साथ काम करेंगे।
शाह ने भारत की ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप की लगातार दूसरी बार जीत पर बधाई दी। शाह ने अपने संदेश में कहा, “टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार जीतने पर भारत सरकार और जनता को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं,”।
भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत नेपाल के साथ मिलकर साझा समृद्धि, प्रगति और दोनों देशों की जनता की भलाई को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त प्रयासों से नेपाल–भारत संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास
