

बलरामपुर, 14 मार्च (हि.स.)। भारत-नेपाल मैत्रीय समिति के तत्वावधान में शनिवार काे भारत-नेपाल मैत्रीय होली मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भारत-नेपाल की रोटी बेटी के संबंधों को दर्शाते हुए आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम नगर तुलसीपुर स्थित मधुरिमा मिलन हॉल में बड़े उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नेपाल से बड़ी संख्या में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों देशों को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति सनातन संस्कृति है। सनातन धर्म की परंपराएं, पर्व-त्योहार और आध्यात्मिक मूल्य भारत और नेपाल के लोगों को एक सूत्र में बांधते हैं। होली जैसे पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में वृंदावन से आए कलाकारों ने भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान फूलों की होली खेली गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा।
समारोह में भारत और नेपाल के बीच मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अनूठी झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों ने नेपाल से आए अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं नेपाल से आए प्रतिनिधियों ने भारतीय अतिथियों को रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मानित किया। यह दृश्य भारत-नेपाल की आत्मीयता और सनातन परंपरा के प्रति साझा आस्था का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा नेता विशाल मिश्रा, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, एनएमओ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा तथा नेपाल से आए देउखुरी उद्योग वाणिज्य संघ लमही, दांग (नेपाल) के अध्यक्ष कमल जंग सिंह ठकुरी, केशवराज पोखरेल, महिला उपाध्यक्ष शारदा सुबेदी, महासचिव हरि थापा, बसन्त कुमार भण्डारी, सचिव गणेश घिमिरे, लुमाकान्त बोहरा, अनिल कुमार मन्त्री, शान्ता खनाल, भिष्मराज गैरे, बाबूराम भुसाल, नारायण, व्यापारी पिन्टु गुप्ता, शिवु खनाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, नेपाल से आए प्रतिनिधियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारत और नेपाल के बीच मैत्री, सांस्कृतिक एकता और सनातन मूल्यों को और मजबूत करने का कार्य करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन
