
– भूराजनैतिक उथल-पुथल के बावजूद ग्लोबल एनर्जी डायलॉग के केंद्र में रहेगा भारत

नई दिल्ली, 30 जनवरी (हि.स)। केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने ग्लोबल एनर्जी सेक्टर में अपनी भूमिका को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि भारत भू-राजनीतिक बदलावों के लिए पूरी तरह तैयार है और ग्लोबल एनर्जी डायलॉग में केंद्र में बना हुआ है।
इंडिया एनर्जी वीक (आईईडब्ल्यू) के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने ग्लोबल एनर्जी मार्केट में लगातार भू-राजनीतिक अस्थिरता से निपटने के लिए मजबूत तैयारी दिखाई है। भारत के वैश्विक रुख से अवगत कराते हुए पुरी ने कहा कि आज देश तीसरा सबसे बड़ा एनर्जी कंज्यूमर, चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर और पेट्रोलियम उत्पादों के शीर्ष निर्यातकों में से एक है। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि ग्लोबल अनिश्चितता के बीच भी भारत एनर्जी की उपलब्धता, किफायती दाम और सततता सुनिश्चित करता रहेगा।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक इंडिया एनर्जी वीक देश का प्रमुख वैश्विक ऊर्जा प्लेटफॉर्म है, जो सरकारी क्षेत्र की हस्तियों, उद्योग जगत के अधिकारियों और नवप्रवर्तकों को एक साथ लाता है, ताकि एक सुरक्षित, टिकाऊ और किफायती ऊर्जा भविष्य की दिशा में प्रगति को तेज किया जा सके। तटस्थ अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में आईईडब्ल्यू निवेश, नीतिगत तालमेल और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देता है, जो वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य को आकार देता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर
