
-कोल्ड स्टोर, मंडी निर्माण व मिनी स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा

नैनीताल, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भीमताल में उप तहसील की स्थापना, ओखलकांडा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड मशीनें, लेटीबुंगा एवं सतबुंगा में कोल्ड स्टोर, रामगढ़-धारी-ओखलकांडा में मंडी निर्माण तथा ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण शामिल हैं।
शनिवार को नैनीताल जनपद के बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज भीमताल में मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शुभारंभ के मौके पर यह घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते हुए छात्रों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के नए अवसर मिलने की बात कही। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि डॉ.कलाम जी कहा करते थे कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की है। उन्होंने संस्थान की स्थापना में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी के योगदान को याद करते हुए संस्थान में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना एवं कंप्यूटर विभाग के उच्चीकरण के लिए 50 लाख रुपये व ऑडिटोरियम के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विश्वास है कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका है। इसलिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में काबीना मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दाईत्वधारी डॉ.अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, भावना मेहरा, ध्रुव रौतेला, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय, इंस्टीट्यूट के निदेशक बीके सिंह, चेयरमैन बीएस बिष्ट, रजिस्ट्रार डॉ. हेमचंद्र पांडेय, पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार नैनीताल के प्रबंधक श्याम अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
भीमताल क्षेत्र के लिये खोला घोषणाओं का पिटारा
मुख्यमंत्री ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु कई घोषणाएं कीं, जिनमें भीमताल में उप तहसील की स्थापना, ओखलकांडा में भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय, ओखलकांडा एवं ढोलीगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक्सरे एवं भीमताल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीनें, लेटीबुंगा एवं सतबुंगा में कोल्ड स्टोर, रामगढ़, धारी, ओखलकाण्डा में किसानों की सुविधा हेतु मंडी निर्माण तथा ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश में विद्यार्थियों के लिये किये जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब और नए परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सरकार ने ब्रिटेन के साथ ‘शेवनिंग उत्तराखण्ड छात्रवृत्ति’ के लिए भी समझौता किया है। जिसके माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही, ‘इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड’ के साथ सहयोग स्थापित कर महाविद्यालयों में कंप्यूटर आधारित आधुनिक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महाविद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम किया जा रहा है और 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना की दिशा में भी कार्य जारी है। इसके अलावा, ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के माध्यम से यहां के शिक्षण संस्थानों में उद्यमिता और नवाचार की मजबूत संस्कृति विकसित की जा रही है। साथ ही शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना राज्य में प्रारंभ की है। इसके तहत, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपए तक का शोध अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही योजना विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में युवाओं को आकर्षित करने के लिए हर जिले में साइंस सेंटर खोलने की भी है जिसके तहत देहरादून और चंपावत में कार्य गतिमान है, साथ ही अल्मोड़ा में ऐसा केंद्र प्रारंभ हो गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
