भुवनेश्वर, 03 अप्रैल (हि.स.)। भुवनेश्वर में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) कृष्ण चंद्र सेठी घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब वह भुवनेश्वर क्लब के पास नियमित साइक्लिंग कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘आम बस’ ने कथित तौर पर पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उन्हें मदद पहुंचाई गई।
सूचना मिलने पर कैपिटल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, हालांकि सूत्रों के अनुसार वह चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
