कानपुर, 24 जनवरी (हि.स.)। भूमि विकास बैंकों के चुनाव में मिली यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों के हित में किए गए कार्यों पर जनता की मुहर है। भाजपा हमेशा किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारिता संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है, और यही कारण है कि आज किसान भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं। यह बातें शनिवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र में संपन्न हुए भूमि विकास बैंक के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड विजय हासिल करते हुए एक बार फिर अपना वर्चस्व सिद्ध किया है। क्षेत्र के कुल 45 भूमि विकास बैंकों में से 41 बैंकों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह जीत संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और किसानों के बीच भाजपा के प्रति विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।
निर्विरोध निर्वाचन यह दर्शाता है कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही किसानों का विश्वास। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी निर्वाचित अध्यक्षों के सम्मान में भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में शीघ्र ही एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
इस ऐतिहासिक जीत से कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है, और संगठन आने वाले समय में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
