भोपाल, 06 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जोन नंबर-17 में जनता कॉलोनी में लगातार गंदा और काला पानी सप्लाई होने की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को टीडीएस (टोटल डिसॉल्व्ड सॉलिड्स) मीटर लेकर पानी की जांच की। शुरुआती 25 मिनट तक घरों में आने वाले पानी में काला पानी और तेज़ बदबू सामने आई।

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने बताया कि जनता कॉलोनी में घरों में सप्लाई होने वाले पानी का टीडीएस लेवल 200-300 के बीच पाया गया। शुक्ला ने कहा, “इस तरह के पानी का लगातार सेवन करने से किडनी और लीवर में स्टोन जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। लोग डॉक्टर की सलाह पर बाजार से बोतल बंद पानी खरीदकर पीने के लिए मजबूर हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की जल सुनवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और स्थानीय लोगों की शिकायतों का कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा।

नगर निगम की पाइपलाइन जर्जर
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जनता कॉलोनी में पानी की सप्लाई पुरानी 40 साल पुरानी पाइपलाइन के माध्यम से हो रही है, जो सीवेज लाइन के पास से गुजरती है। इसी वजह से शुरुआती पानी में गंदगी और बदबू मिश्रित हो जाती है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
मनोज शुक्ला ने नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन से तुरंत कार्रवाई की मांग की और कहा कि नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए यह गंभीर मामला है। इस मौके पर वार्ड 78 के पार्षद मो रियाज, सैयद उस्मान अली, बाबर खान, मोहम्मद सईद और समीर पठान भी मौजूद थे। शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता कॉलोनी के लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए सक्रिय आंदोलन किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
