भोपाल, 05 अप्रैल (हि.स.)। । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की मध्य विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती नजर आ रही है। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने रविवार काे शाहपुरा के वार्ड 51 में विकास कार्याें के एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि मध्य विधानसभा का अगला प्रतिनिधि वही होना चाहिए, जिसे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से परहेज न हो।

दरअसल वार्ड-51 (शाहपुरा) में स्थानीय पार्षद स्नेहलता भगवत रघुवंशी के प्रयासों से कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किशन सूर्यवंशी के साथ संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा और विकास विरानी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र में अत्याधुनिक पार्क और सीसी रोड निर्माण की शुरुआत की गई, जिससे शाहपुरा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विधायक पर ‘दोहरे चरित्र’ का आरोप
जनसभा को संबोधित करते हुए सूर्यवंशी ने मौजूदा विधायक आरिफ मसूद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता चुनाव के समय धार्मिक आस्था का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उनकी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं। उन्होंने कहा कि “वोट के समय तिलक, आरती और चुनरी का सहारा लिया जाता है, लेकिन विधायक बनते ही उनकी निष्ठा बदल जाती है और वे राष्ट्र की आन-बान-शान ‘वंदे मातरम’ गाने से भी इनकार कर देते हैं। निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगली बार ऐसे प्रतिनिधि का चयन किया जाए, जो राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोपरि रखे और सार्वजनिक रूप से ‘वंदे मातरम’ गाने में संकोच न करे।
संगठन ने विकास कार्यों को सराहा
कार्यक्रम में जसवंत सिंह हाड़ा ने पार्षद द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी विकास और सांस्कृतिक मूल्यों को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
