भोपाल, 08 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर इलाके में एक युवती को उसी के घर में बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़िता माइनिंग विभाग में कर्मचारी है, जबकि आरोपी उसी के घर में काम करने वाली नौकरानी का बेटा निकला। आरोपी ने अपने नाबालिग मौसेरे भाई के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम हुई इस घटना में बदमाशों ने चाकू की नोक पर युवती को बंधक बनाकर 1.68 लाख रुपए नकद, एप्पल का आईफोन और अन्य कीमती सामान लूट लिया। कुल मिलाकर करीब सवा तीन लाख रुपए की लूट कर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रविवार तड़के एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है। लूटी गई रकम और सामान भी बरामद कर लिया गया है।
हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि पीड़िता अर्चना वर्मा (28) 98 क्वार्टर, टीटी नगर में रहती हैं। वह माइनिंग विभाग में असिस्टेंट ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि मां का बीमारी के चलते पहले ही निधन हो चुका है। अर्चना ने घर के काम के लिए एक महिला को मेड के रूप में रखा था। उसी मेड का बेटा आशीष उर्फ गोली रायकवार इस वारदात का मुख्य आरोपी है, जो हाल ही में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से छूटकर आया था।
गेट खुलते ही अंदर घुसे, चाकू दिखाकर दी धमकी
पुलिस के मुताबिक, आशीष पहले भी अपनी मां के साथ पीड़िता के घर छोटे-मोटे काम करता था और उसे घर की पूरी जानकारी थी। उसे यह भी पता था कि युवती के पिता किस समय ड्यूटी पर जाते हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई के साथ लूट की योजना बनाई। घटना के दिन दोनों आरोपी काम के बहाने घर पहुंचे और गेट खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खुला, उन्होंने धक्का देकर अंदर प्रवेश किया और चाकू की नोक पर युवती से घर में रखे कैश और कीमती सामान की जानकारी ली। करीब 15 मिनट में दोनों बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए।
लोन चुकाने के लिए की लूट
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर समूह लोन का दबाव था और रिकवरी के लिए लगातार कॉल आ रहे थे। इसी कारण उसने लूट की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि बची हुई रकम से वह अपने शौक पूरे करना और नई बाइक खरीदना चाहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
