भोपाल, 28 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भारत माता चौराहा क्षेत्र में बुधवार शाम एक रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर बने स्टोर रूम में लगी, जहां घरेलू सामान रखा हुआ था। घटना शाम करीब 4.30 बजे की है। आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दिया।

आग लगते ही बिल्डिंग में रहने वाले लोग फ्लैट्स से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। सूचना मिलने पर माता मंदिर, पुल बोगदा और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि उक्त रिहायशी इमारत में तीन मंजिलों पर फ्लैट्स हैं, जबकि चौथे फ्लोर पर स्टोरनुमा कमरा बना हुआ है। इसी कमरे में कूलर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान रखा था। लकड़ी का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लपटें ऊंचाई तक उठने लगीं। फायर फाइटर अभिषेक मेवावत, मंजर अली, अजय यादव सहित दमकल कर्मियों ने पाइप ऊपर तक ले जाकर आग बुझाई। फायर विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने के कारण चौराहे पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
