
बरेली, 19 मार्च (हि.स.) । मंडलायुक्त भूपेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उनके अचानक पहुंचने से परिसर में अफसरों और कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई। उन्होंने विभिन्न विभागों में जाकर कामकाज, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने शस्त्र विभाग, नाजिर कार्यालय और लेखागार शाखा का जायजा लिया। यहां रिकॉर्ड व्यवस्था और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कई कमियां भी पाईं। कुछ कार्यालयों में लंबित फाइलों पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण तय समयसीमा में किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जनहितकारी प्रशासन लागू किया जाए, जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।———————-
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
