मंडी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी द्वारा मंडी नगर के 500 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंडी – 500 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत विषय पर तैयार किए गए स्मारक प्रतीक चिन्ह (लोगो) का भव्य विमोचन हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के कर कमलों से मंडी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर चंद्रशेखर ठाकुर, सदस्य विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद एवं विधायक धर्मपुर, आचार्य ललित कुमार अवस्थी, कुलपति, शशी पाल नेगी, कुल सचिव तथा डॉ. राकेश कुमार शर्मा, विभागाध्यक्ष इतिहास विभाग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने मंडी नगर की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि 500 वर्षों की यह ऐतिहासिक यात्रा प्रदेश के गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा इस अवसर पर स्मारक लोगो के निर्माण को एक सराहनीय पहल बताया, जो नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि पांच शताब्दियों की यह गौरवशाली यात्रा केवल समय का पड़ाव नहीं बल्कि समाज की जीवंत परंपराओं, लोक संस्कृति, आस्था और विकास की निरंतर धारा का प्रतीक है। उन्होंने मंडी नगरवासियों को 500 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए प्रदेश की समृद्धि और उन्नति की कामना की।
चंद्रशेखर ने कहा कि मंडी की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन परंपराओं और लोक आस्थाओं से है। उन्होंने कहा कि मंडी – 500 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत विषय पर स्मारक प्रतीक चिन्ह मंडी की ऐतिहासिक गरिमा और सांस्कृतिक विविधता को साकार रूप में अभिव्यक्त करता है।
कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि विश्वविद्यालय क्षेत्रीय इतिहास, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। मंडी – 500 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत विषय पर तैयार किया गया यह प्रतीक चिन्ह नगर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विविधता को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा वर्षभर इसी थीम पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
