नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह गुरुवार को हनुमान जयंती पर बवाना विधानसभा क्षेत्र के शाहबाद दौलतपुर, बवाना, औचंदी, कुतुबगढ़, जाट खोर एवं कृष्ण विहार में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।

शाहबाद दौलतपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रविंद्र इंद्राज सिंह ने श्रीराम एवं हनुमान की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी का जीवन हमें निःस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति अडिग निष्ठा का संदेश देता है।
बवाना, औचंदी एवं कुतुबगढ़ क्षेत्रों में श्रद्धालुओं द्वारा मंत्री को हनुमान जी की सुंदर तस्वीर एवं प्रतिमा भेंट की गई। इस अवसर पर मंत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्नेह और आशीर्वाद से जनसेवा के प्रति उनका संकल्प और सशक्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु हनुमान असीम शक्ति, दृढ़ विश्वास और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं, जो हमें साहस, संयम और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं।
जाट खोर क्षेत्र में आयोजित हवन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मंत्री ने प्रसाद वितरण में भाग लिया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे पावन आयोजन हमें सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता को सुदृढ़ करते हैं।
कृष्ण विहार विकास समिति द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या में सहभागिता करते हुए मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समिति एवं सभी श्रद्धालुओं को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रभु हनुमान से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
