मुंबई, 29 जनवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार के उत्तराधिकारी को लेकर पार्टी में हलचल तेज हो गई है। एनसीपी (अजित पवार) नेता और अन्न व औषधि मंत्री नरहरि झिरवाल ने अजित पवार की पत्नी व राज्य सभा सदस्य सुनेत्रा पवार को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने दोनों एनसीपी को एक दूसरे में मर्ज करने की जोरदार पैरवी की है।

अजित पवार का बतौर उत्तराधिकारी सुनेत्रा को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग पार्टी में उठने लगी है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार के बाद पार्टी सांसद प्रफुल्ल पटेल और मंत्री छगन भुजबल ने सुनेत्रा से मुलाकात की और उनसे उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालने का अनुरोध किया। दोनों ने भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) को सुमेत्रा के नाम का प्रस्ताव देने की मन बनाया है। अब देखना होगा कि सुनेत्रा क्या निर्णय लेती हैं। यदि सुनेत्रा यह पद स्वीकार करती हैं, तो वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी।
पार्टी के अन्य नेताओं का कहना है कि जनता की मांग है कि पार्टी के सभी सूत्र सुनेत्रा को सौंप दिए जाएं। अंतिम संस्कार से लौटते समय मंत्री झिरवाल ने कहा कि पार्टी के अन्य मंत्रियों की भी यही इच्छा है। न केवल बारामती बल्कि राज्य की जनता भी भाभी (सुनेत्रा) को प्रदेश राजनीति में लाना चाहती है। उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही शरद पवार और अजीत पवार की पार्टी को एक में विलीन हो जाना चाहिए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
