प्रयागराज, 02 मार्च (हि.स.)। रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन पर्व होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई और निवेश प्रोत्साहन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को प्रयागराज, बहादुरगंज स्थित अपने आवास पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, समर्थकों एवं स्थानीय नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अबीर-गुलाल लगाकर सभी को रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने भी उपस्थित लोगों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में परिवारजनों, स्नेही मित्रों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। मंत्री नन्दी ने कहा कि होली परस्पर प्रेम, अटूट विश्वास और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाए और लोक-कल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
