रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को कल्याण विभाग अंतर्गत चान्हो प्रखंड के सोनचीपी स्थित अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय में 50 शैय्या वाले बालक छात्रावास, छह वर्ग कक्षा भवन तथा डीएमएफटी मद से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 10 अतिरिक्त कक्षा भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री तिर्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नवोदय विद्यालय, आईआईटी, आईआईएम जैसे राष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कर कांग्रेस ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी है, जिसके आधार पर देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में अपने लक्ष्य निर्धारित कर विवेकपूर्ण ढंग से आगे बढ़ें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे उन्हें या उनके माता-पिता को शर्मिंदगी उठानी पड़े।

मंत्री ने कहा कि विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाओं और छात्रावास के निर्माण से शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। कक्षाओं में विद्यार्थियों का दबाव कम होने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा की सुविधा मिलेगी, जिससे उपस्थिति बढ़ेगी और ड्रॉप-आउट की समस्या में कमी आएगी।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार सुझाव देने का आग्रह किया तथा शिक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि अनुशासन से ही जीवन में सफलता मिलती है।
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इस्तियाक, अब्दुल्लाह, मोहम्मद मुजीबुल्ला, बीडीओ अरुण कुमार, सीओ संजीव कुमार, प्रिंसिपल मनु कुमारी, मुखिया शिव उरांव, इरशाद खान, अजीत कुमार सिंह, मंगलेश्वर उरांव, चरवा उरांव, निधिया उरांव, लतीफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक माैजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
