मंदसौर 10 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी गतिविधियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में मंदसौर जिले से प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर अदिती गर्ग, जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, नगर जनगणना अधिकारी, नगर पालिक निगम के अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार, चार्ज अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा अतिरिक्त चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जनगणना के प्रथम चरण में किए जाने वाले कार्यों जैसे मकान सूचीकरण, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का गठन, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल पर अधिकारियों के पंजीयन एवं आवश्यक जानकारी दर्ज करने, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन तथा फील्ड स्तर की तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स तथा प्रगणकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एवं आंकड़े पोर्टल पर समय-सीमा के भीतर अपलोड किए जाएं तथा मकान सूचीकरण कार्य को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्ण किया जाए। इसके अतिरिक्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की सूची तैयार कर समय पर अपलोड करने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत सभी गतिविधियां आपसी समन्वय के साथ तथा निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि जनगणना कार्य सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
