मंदसौर, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर नगरपालिका परिषद द्वारा दिनांक 10 मार्च को 17 वां श्री खिड़की माता मेला का आयोजन मंदसौर बायपास मार्ग स्थित श्री खिड़की माताजी मंदिर परिसर में किया जाता है। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को श्री खिड़की माता मेला समिति की बैठक नपाध्यक्ष के कक्ष में रमादेवी बंशीलाल गुर्जर नपाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गयी।

बैठक में श्री खिड़की माता मेला समिति सभापति माया भावसार, मेला समिति सदस्यगण रेखा राजेश सोनी ऐरावाला, गोवर्धन कुमावत, जलकार्य सभापति निलेष जैन, लोकनिर्माण सभापति निर्मला नरेश चंदवानी, राजस्व समिति सभापति कौशल्या बंधवार, योजना यातायात समिति सभापति शांति दिनेश फरक्या भी उपस्थित थे।
बैठक में तय किया गया कि दिनांक 10 मार्च को प्रात: 11.30 बजे भजन संध्या का कार्यक्रम होगा जो कि सायं 4 बजे तक होगा। बैठक में नपाध्यक्ष ने मेला में सफाई एवं पेयजल की व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य एवं जलप्रदाय सभापति से आवश्यक चर्चा भी की। बैठक में मेला में भजन संध्या के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी और तय किया गया कि एक या दो दिवस में भजन संध्या में आने वाले कलाकार को फाइनल किया जाये। बैठक में मेला लिपिक राजेन्द्र नीमा ने मेला में होने वाली भजन संध्या के लिये बुलायी गयी निविदा की जानकारी नपाध्यक्ष एवं मेला सभापति एवं अन्य सदस्यों के सामने रखी।
मेला स्थल का निरीक्षण किया
नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर एवं मेला समिति सभापति श्रीमती माया भावसार ने मेला समिति सदस्यों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पूर्व सभी जनप्रतिनिधियों ने माँ खिड़की माताजी की प्रतिमा के दर्शन किये और उनसे जिले की सुख समृद्धि हेतु प्रार्थना की। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने नपा के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे मेला के लिये किये जा रहे आवश्यक कार्य एक या दो दिवस में ही पूर्ण कर लेवे। मेला स्थल पर बड़ा स्टेज (मंच) बनाया जावेगा, भीड़भाड़ को देखते हुये टेण्ट एवं कूलर की भी व्यवस्था की जावे। राजेन्द्र नीमा ने बताया कि नपा ने शिवना नदी के किनारे पानी से होने वाली दुर्घटना को रोकने के लिये बैरिकेट्स लगा दिये हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
